मैनपुरी :–
रैली निकालकर होगा अभियान का शुभारंभ, 30 अप्रैल तक चलेगा अभियान
जनपद में शनिवार को रैली निकालकर साल के पहले विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का शुभारंभ होगा। 30 अप्रैल तक चलने वाले अभियान के तहत संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरुकता सहित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि दो से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियन्त्रण अभियान चलाया जाएगा। कलेक्ट्रेट से शनिवार को सुबह 11 बजे रैली निकालकर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। रैली का समापन शहर में भ्रमण करके सीएमओ ऑफिस पर होगा। पूरे माह वेक्टर जनित रोगों जैसे- मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए जागरुकता सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वेक्टर बार्न डिजीज के एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. राजीव राय ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के अंतर्गत जनपद में 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों के घरों में जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेंगी और 12 साल से अधिक आयु के जिन लोगों ने कोविड टीका नहीं लगवाया है, उन्हें टीकाकरण के लिए भी प्रेरित करेंगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर बैठक हो चुकी है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी जेड.ए. जैदी ने बताया कि अभियान में एक दर्जन से अधिक विभाग शामिल रहेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग आदि विभागों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी रविंद्र गौर ने बताया कि अभियान के दौरान बुखार, टीबी, कोविड आदि लक्षणों वाले व्यक्ति के बारे में घर घर जाकर पूछताछ की जाएगी। लक्षण मिलने पर उन्हें चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भिजवाने का काम करेगी। लक्षण मिलने वाले व्यक्ति का पूरा नाम पता और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय तक भेजा जाएगा।
इन विभागों का रहेगा सहयोग :
सहायक जिला मलेरिया अधिकारी एस. एन. सिंह ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment