ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस पर होगी परिवार नियोजन की बात

कासगंज :–


 बुधवार और शनिवार को वीएचएनडी सत्र में भी प्रदर्शित होगी बॉस्केट ऑफ च्वाइस

 हर हफ्ते के तीसरे दिन होने वाले अंतराल दिवस पर बताई जाती हैं बच्चों के बीच अंतर की महत्ता

परिवार कल्याण की ओर से परिवार नियोजन जागरूकता एवं स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए जिले में हर माह 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाता है | एवं हर  सप्ताह बुधवार को अंतराल दिवस का आयोजन किया जाता है वहीं अब से  ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस (वीएचएनडी) सत्र पर परिवार नियोजन की जानकारी दी जाएगी और  “बॉस्केट ऑफ च्वाइस” का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार  ने बताया-परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए बीएचएनडी सत्र के दौरान हर बुधवार और शनिवार को एएनएम द्वारा “बॉस्केट ऑफ च्वाइस” का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे  लाभार्थी अपनी इच्छा अनुसार परिवार नियोजन का कोई भी अस्थाई साधन चुनने के लिए स्वतंत्र होंगे।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया-परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए पहले से ही हर सप्ताह बुधवार को अंतराल दिवस का आयोजन किया जाता है। बीएचएनडी सत्र में भी परिवार नियोजन सेवाओं को शामिल किए जाने से परिवार नियोजन कार्यक्रम पर बात हो सकेगी | ज़्यादा से ज़्यादा लोग परिवार नियोजन के साधनों का निशुल्क लाभ ले सकेंगे |

जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ राज तौमर ने बताया-वीएचएनडी सत्र के दौरान हर केंद्र पर अंतरा तिमाही गर्भनिरोधक इंजेक्शन, साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली छाया, माला-एन और कंडोम उपलब्ध कराए जाएंगे। लाभार्थी अपनी पसंद के मुताबिक परिवार नियोजन के अस्थाई साधन अपना सकेंगे।

 बॉस्केट ऑफ च्वाइस

परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों को मिलाकर एक बॉस्केट तैयार की गई। इस बॉस्केट में उपलब्ध साधनों में से लाभार्थी किसी एक साधन को अपनी पंसद के मुताबिक चुन सकते हैं, इसलिए इसे “बॉस्केट ऑफ च्वाइस” नाम दिया गया है। बॉस्केट में अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोली छाया और माला-एन, पीपीआईयूसीडी और आईयूसीडी के अलावा ई-पिल्स और कंडोम को शामिल किया जाता है।

सभी हेल्थ एंड वैलनेस केंद्रों पर मनाया जाता है अंतराल दिवस

परिवार नियोजन की नवीन गर्भनिरोधक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने व समुदाय को जागरूक करने के लिए बुधवार को जनपद के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर अंतराल दिवस मनाया गया। इस दौरान लाभार्थियों को नवीन गर्भनिरोधक साधनों की सेवाएं दी गईं। साथ ही परिवार नियोजन के प्रति परामर्श भी दिया गया। परिवार नियोजन के सभी स्थायी व अस्थायी साधनों की पहुंच बढ़ाने के लिए समुदाय को जागरूक करने की आवश्यकता है। इसके लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर हर बुधवार को अंतराल दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर को अंतरा तिमाही गर्भनिरोधक इंजेक्शन एवं अन्य परिवार नियोजन विधियों के लिये प्रशिक्षित किया जा चुका है।

महिलाओं की पसंद बन रही ‘अंतरा’, पूरी तरह सुरक्षित

मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कहना  हैं कि अंतरा पूरी तरह से सुरक्षित है। जब चाहे इंजेक्शन रोक कर गर्भधारण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि  अप्रैल 2021 से जनवरी 2022 तक  जनपद में कुल 3497 महिलाओं ने अंतरा को अपनाया है। यह दर्शाता है कि तेजी से अंतरा महिलाओं की पहली पसंद बन रहा है।

0/Post a Comment/Comments

Previous Post Next Post